शराब भट्ठी परिसर में ऑटो चालक की हत्या.. और बुजुर्ग पर चाकू से हमला, करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में..

One bharat national news

शराब भट्ठी परिसर में ऑटो चालक की हत्या.. और बुजुर्ग पर चाकू से हमला, करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र के शराब भट्ठी परिसर में एक ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या करने के बाद उसी आरोपियों द्वारा एक अन्य व्यक्ति पर भी जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक आरोपी बालिग है, जबकि दूसरा नाबालिग बताया जा रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त की शाम करीब 5 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मुर्राभाठा देवरीखुर्द चौक के पास स्थित शराब भट्ठी के पास दो बाइक सवार युवकों ने एक ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया है।

हमले में देवरीखुर्द निवासी शिव नंदन साहू 56 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तोरवा पुलिस और एसीसीयू की टीम ने प्रत्यक्षदर्शियों से आरोपियों का हुलिया जुटाया और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उन्हीं आरोपियों ने बूटापारा क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति पर भी चाकू से हमला कर दिया है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल कन्हैया लाल राजड़े, निवासी बूटापारा, को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। लगातार तलाश और ट्रेसिंग के बाद पुलिस ने सुनील कैवर्त 21 वर्ष निवासी कर्रा, थाना मस्तूरी को हिरासत में ले लिया।

घटना में शामिल एक नाबालिग आरोपी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। दोनों वारदातों के पीछे की वजह और घटनाओं में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *