One bharat national news
छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारियां

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियों का ऐलान करते हुए छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया है। छत्तीसगढ़ की महासमुंद सीट से भाजपा सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) के अध्यक्ष दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
ज़मीनी राजनीति से राष्ट्रीय शिखर तक: रूप कुमारी चौधरी
महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की भाजपा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा राष्ट्रीय टीम की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही रूपकुमारी चौधरी की नियुक्ति सामने आई। इसे छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा की जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश की महिलाओं में भी उत्साह का माहौल है।
राजनीतिक सफर: उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2005 में सरायपाली से जिला पंचायत सदस्य चुनकर की। इसके बाद वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में बसना सीट से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र बहादुर सिंह को हराकर पहली बार विधायक बनीं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में महासमुंद सीट से विजय हासिल कर वे संसद पहुंचीं और अब उन्हें महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान सौंपी गई है।

डिजिटल रणनीति के माहिर: दीपक महस्के
नितिन नबीन की टीम में शामिल दूसरे छत्तीसगढ़ी चेहरे दीपक महस्के हैं, जो वर्तमान में सीजीएमएससी (CGMSC) के अध्यक्ष हैं।
आईटी व मीडिया नेटवर्क में योगदान: दीपक महस्के की पहचान भाजपा में एक चतुर संगठनात्मक रणनीतिकार और डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ के रूप में रही है। वर्ष 2014 और 2018 के चुनावों में वे छत्तीसगढ़ भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक रहे, जहाँ उन्होंने हाइटेक कॉल सेंटर, ऑडियो-ब्रिज और क्षेत्रवार व्हाट्सएप वॉलंटियर नेटवर्क को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।