One bharat national news
रायपुर में आज निकलेगी भव्या गणेश झांकी, जानें रूट मैप और पार्किंग व्यवस्था..

रायपुरः राजधानी रायपुर में 28 सितंबर सोमवार को गणेश झांकी समारोह के चलते शहर में शाम 6 बजे से यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। DCP ट्रैफिक अर्चना झा ने जानकारी देते हुए बताया कि शारदा चौक से महादेव घाट विसर्जन स्थल तक झांकी मार्ग पर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा इस दौरान केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। टाटीबंध, भनपुरी, तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

वहीं शास्त्री चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली, पुरानी बस्ती और कंकालीपारा सहित कई मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। चल समारोह में शामिल होने रायपुर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग, रजबंधा मैदान, शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान, सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम, गांधी मैदान, भैंसथान मैदान, जवाहर मार्केट और हिंद स्पोर्ट्स मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। इससे झांकी मार्ग पर भीड़ और जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।
झांकी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर के जर्जर भवनों को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा है। निगम ने ऐसे भवनों के मालिकों से झांकी से एक दिन पहले, झांकी वाले दिन और उसके एक दिन बाद तक, यानी कुल तीन दिन तक जर्जर मकानों को बंद रखने की अपील की है।
निगम प्रशासन ने भवन मालिकों से कहा है कि इन तीन दिनों के दौरान वे इन मकानों में रहने से बचें और किसी सुरक्षित स्थान पर रहें। प्रशासन का कहना है कि भीड़भाड़ के दौरान जर्जर भवनों से संभावित दुर्घटना और जनहानि का खतरा बढ़ सकता है। झांकी को देखते हुए यातायात पुलिस और निगम प्रशासन दोनों ने लोगों से निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और सुरक्षा के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।