One bharat national news

बिलासपुर। बिल्हा तहसील के पिरैया और नगाड़ाडीह गांवों में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के आदेश और एसडीएम बिल्हा के मार्गदर्शन में राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 475 ट्रैक्टर अवैध रेत को जब्त किया।

गांव पिरैया में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 435 ट्रैक्टर रेत 17 अलग-अलग जगहों पर डंप की गई थी। इस अवैध भंडारण को जब्त कर गांव के सरपंच को सुपुर्द कर दिया गया। इसी तरह, नगाड़ाडीह गांव में रामलाल रात्रे द्वारा अवैध रूप से रखी गई 40 ट्रैक्टर रेत भी जब्त कर उप सरपंच को सुपुर्द की गई।

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और खनिज विभाग के अधिकारी, तहसीलदार संदीप साय, नायब तहसीलदार ओमप्रकाश चंद्रवंशी, माइनिंग इंस्पेक्टर राजू यादव, हल्का पटवारी, सरपंच और कोटवार मौजूद रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई ने अवैध रेत खनन और भंडारण करने वालों को सख्त संदेश दिया है। इस प्रकार के अवैध कार्यों पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा आगे भी सख्ती से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।