संवाददाता श्रवण कुमार वर्मा की रिपोर्ट

बिलासपुर (छत्तीसगढ़): जिले के कोटा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां 52 वर्षीय मोहन पांडे की लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी गई।

मृतक की पहचान मोहन पांडे (पिता स्व. जगदीश प्रसाद पांडे), निवासी करगी खुर्द कोरी पारा, हाल मुकाम गनियारी भादम, थाना कोटा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राजाराम साहू (पिता चेतराम साहू, उम्र 21 वर्ष) ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। सभी आरोपियों ने मिलकर मृतक पर लाठी-डंडों एवं हाथ-मुक्कों से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में शरद कौशिक, निवासी ग्राम गनियारी, गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजाराम साहू को हिरासत में ले लिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।

घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।