सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्यवाही..तत्काल घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा..17 लाख की जप्ती, तीन गिरफ्तार..

संवाददाता श्रवण कुमार वर्मा की रिपोर्ट

बिलासपुर, 06 अप्रैल 2026। आईपीएल के दौरान बढ़ती ऑनलाइन सट्टेबाजी पर सिरगिट्टी पुलिस ने बेहतरीन सतर्कता और सटीक रणनीति का परिचय देते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीसीयू टीम के साथ संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस ने एक चलती कार के भीतर मोबाइल के जरिए संचालित हो रहे सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया। त्वरित घेराबंदी और तकनीकी जांच के दम पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब ₹17 लाख की नगदी, मोबाइल और कार जब्त की गई है।


मोबाइल बना ‘सट्टा मशीन’, कार के भीतर बदलते लोकेशन से खेल रहे थे दांव
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार (CG10BD8888) में तीन व्यक्ति लगातार लोकेशन बदलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन खंगालने पर व्हाट्सएप के जरिए सट्टा संचालन के पुख्ता सबूत मिले। मोबाइल में हार-जीत के दांव, ग्राहकों की सूची और लेन-देन का पूरा हिसाब दर्ज पाया गया।

गिरफ्तार आरोपी
रामेश्वर गुप्ता उर्फ दउवा (40 वर्ष), निवासी बाजार पारा गनियारी, थाना कोटा
दीपचंद सोनकर उर्फ चिंटू (32 वर्ष), निवासी देवरी खुर्द, थाना तोरवा
सीताराम साहू (36 वर्ष), निवासी नजरलाल पारा, थाना सिरगिट्टी
जप्त सामग्री का पूरा हिसाब
नगदी रकम – ₹5,01,300/-
मोबाइल फोन – 04 नग
क्रेटा कार – अनुमानित कीमत ₹10,00,000/-
कुल जप्ती – लगभग ₹17,00,000/-
व्हाट्सएप के जरिए ‘लाइव सट्टा नेटवर्क’
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर आईपीएल मैचों पर लाइव दांव लगवा रहे थे। मोबाइल में मिले चैट और ट्रांजेक्शन डिटेल्स से सट्टा नेटवर्क के संगठित और लगातार संचालित होने के संकेत मिले हैं।


अन्य इलाकों में भी फैले नेटवर्क के संकेत
पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इनका नेटवर्क अन्य थाना क्षेत्रों में भी सक्रिय हो सकता है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ धारा 7(2) एवं 112 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सख्त निगरानी
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। आईपीएल सीजन के दौरान शहर में सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *