One bharat national news

बिलासपुर। भाजपा संगठन के लिए मंगलवार का दिन बेहद दुखद रहा। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। वे बिलासपुर के तिफरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचेत होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्रशिक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।

बता दे भारतीय जनता पार्टी के द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत बिलासपुर जिले में जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का दो दिवसीय आयोजन सोमवार और मंगलवार को किया गया था। प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा बिलासपुर आए थे। वे दो दिवसीय बिलासपुर प्रवास पर थे। कल सोमवार से प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ था। जिसका आज समापन था। समापन में जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता और विधायक भी पहुंचे हुए थे। कार्यक्रम के दौरान रूप नारायण सिन्हा के सीने में तेज दर्द हुआ तब उन्हें तत्काल सिम्स लाया गया।

जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तत्काल सिम्स के डीन और एमएस से फोन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा। पर सिम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने रूप नारायण सिन्हा को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। जानकारी लगने के साथ ही भाजपा नेताओं की भीड़ सिम्स में लग गई है। सिम्स में विधायक धरम लाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला,पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल,भाजपा नेता भूपेंद्र सवन्नी,हर्षिता पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सिंह समेत कई भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे।