हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश.. 3 शातिर आरोपियों को किया गिरफ्तार..

One bharat national news

हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश.. 3 शातिर आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। पुलिस ने हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, धारदार चाकू, नगदी रकम तथा 74 लीटर डीजल बरामद किया गया है। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली है और पूरे सिंडिकेट को जल्द ध्वस्त करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार कुर्रे (30), मणीशंकर कुर्रे (24) और अमित भारद्वाज (29) शामिल हैं, जो जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बगडबरी के निवासी हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना सिरगिट्टी और थाना कोनी में अलग-अलग धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 18 मई 2026 को बेवरेज कॉर्पोरेशन सिरगिट्टी के सामने खड़े वाहन से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने वाहन मालिक के साथ मारपीट की। वहीं 24 मई को थाना कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की डीजल टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूटकर सफेद स्कार्पियो वाहन से फरार हो गए थे। इसके अलावा 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से लगभग 270 लीटर डीजल चोरी किए जाने की घटना भी सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू एवं थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पूर्व घटनाओं का विश्लेषण कर अलग-अलग स्थानों पर लगातार दबिश दी, जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।



रात में हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से रात में हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाते थे। आरोपियों ने बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी हाईवे क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदातें करना कबूल किया है।



पुलिस ने कई वाहनों को भी किया गया जब्त

पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन और 600 रुपये नगद, संजय कुर्रे के कब्जे से स्कार्पियो वाहन, धारदार चाकू और 800 रुपये नगद तथा मणीशंकर कुर्रे के कब्जे से 1200 रुपये नगद बरामद किए हैं। साथ ही कुल 74 लीटर डीजल भी जप्त किया गया है। जांच में आरोपियों की संलिप्तता थाना कोनी के अपराध क्रमांक 264/2026 और 119/2026 में भी पाई गई है। पुलिस अब गिरोह के फरार आरोपियों  की तलाश में जुट गई है आरोपियों के पकड़ के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त किया जाएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *