One bharat national news
छत्तीसगढ़ के पहले रैप सिंगर एप्पी राजा का निधन रायपुर के एम्स में ली अंतिम सांस

छत्तीसगढ़ी रैप संगीत को नई पहचान दिलाने वाले प्रदेश के पहले चर्चित रैप सिंगर एप्पी राजा (चेतन चांडक) का सोमवार को रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे काफी समय से अस्वस्थ थे और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से भानुप्रतापपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ संगीत जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

चेतन चांडक से बने एप्पी राजा
एप्पी राजा का वास्तविक नाम चेतन चांडक था। उनका जन्म वर्ष 1994 में नवागढ़ में हुआ था। उनके माता-पिता मूल रूप से राजस्थान के जैसलमेर से थे, जो बाद में छत्तीसगढ़ आकर बस गए। शुरुआती शिक्षा दुर्ग में हुई, जबकि वर्ष 2002 के बाद परिवार भानुप्रतापपुर में रहने लगा।
सातवीं कक्षा में लिखा पहला रैप
कांकेर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई के दौरान एप्पी राजा ने सातवीं कक्षा में अपना पहला रैप गीत लिखा था। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने संगीत के प्रति अपने जुनून को कभी नहीं छोड़ा। इसी दौरान उन्होंने अपना चर्चित गीत ‘टूरा भोको लोलो’ तैयार किया।

साल 2015 में पंजाब की एक म्यूजिक कंपनी ने उनके रैप को सुनने के बाद उन्हें लुधियाना बुलाया। वहां उनका गीत रिकॉर्ड किया गया और यूट्यूब पर रिलीज हुआ। रिलीज के बाद यह गीत तेजी से वायरल हुआ और लाखों लोगों तक पहुंचा। इसके बाद एप्पी राजा को छत्तीसगढ़ी रैप संगीत का नया चेहरा माना जाने लगा।
टूरा भोको लोलो’ से मिली पहचान
एप्पी राजा को सबसे ज्यादा पहचान उनके चर्चित रैप सॉन्ग ‘टूरा भोको लोलो’ से मिली। यह गीत रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार छत्तीसगढ़ी संगीत प्रेमियों को नए गीत दिए।

उनके अन्य चर्चित गीतों में ‘आ जा रे टुरी तोला रसगुल्ला खवाहु’, ‘छत्तीसगढ़ एंथम’ शामिल हैं। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और शहीद भगत सिंह पर भी रैप गीत तैयार किए थे, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया।
एप्पी राजा का निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति
छत्तीसगढ़ में रैप संगीत को लोकप्रिय बनाने में एप्पी राजा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनकी रचनात्मकता, संघर्ष और सफलता की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उनके निधन से प्रदेश के संगीत जगत को बड़ी क्षति हुई है कला जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए गहरा दुख जताया है।