One bharat national news
राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी से मिले छत्तीसगढ़ के पूर्व योग आयोग के सदस्य रविंद्र सिंह, संगठन से लेकर छात्र आंदोलन तथा अन्य विषय पर की विस्तृत के चर्चा..

बिलासपुर। बिलासपुर में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के बिलासपुर आगमन के दौरान छत्तीसगढ़ योग आरोग्य के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने उनसे सौजन्य भेंट कर संगठनात्मक मुद्दों पर तथा छात्र हितों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन की मजबूती, छात्र हितों से जुड़े आंदोलन और प्रदेश के राजनीतिक हालात पर भी विचार-विमर्श हुआ।

रविंद्र सिंह ने बताया कि इमरान प्रतापगढ़ी का बिलासपुर दौरा केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि छात्र-छात्राओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं और संगठन को लेकर हुई चर्चा सकारात्मक रही तथा आगे भी छात्र हितों के मुद्दों पर कांग्रेस लगातार सक्रिय भूमिका निभाएगी।

इसी दौरान बिलासपुर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठी सरकार और शिक्षा मंत्री की अव्यवस्थाओं के कारण देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह आईसीयू में पहुंच गई है। लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और प्रतिभाशाली छात्रों का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है।

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने की घटनाएं सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल के समय में 21 छात्राओं द्वारा आत्महत्या की घटनाएं भी कहीं न कहीं व्यवस्था की गंभीर नाकामी को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और कांग्रेस इस मुद्दे को पूरी ताकत से उठाएगी।

उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बिलासपुर में छात्र-छात्राओं के साथ हुए संवाद से जो निष्कर्ष और सुझाव सामने आए हैं, उन्हें संसद में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक छात्रों की आवाज बुलंद करेगी और जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक छात्र हितों की यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

रविंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी। संगठन छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करेगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा पारदर्शिता की मांग को और मजबूती से उठाएगा।