One bharat national news
बिलासपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने बुधवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता के दौरान अपने नए अध्याय ‘जेसीसीजे 2.0’ का आधिकारिक आगाज किया। पार्टी के इस नए स्वरूप की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जोगी, डॉ. रेणु जोगी और प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय की उपस्थिति में हुई।

बेटा बचाओ आंदोलन’ से निकलेगा समाज का रास्ताअमित जोगी ने इस दौरान प्रदेशव्यापी “बेटा बचाओ आंदोलन” का एलान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा नशे की दलदल में फंसता जा रहा है, जिसे बचाना केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। यह आंदोलन परिवारों, शिक्षकों और अभिभावकों को एक मंच पर लाकर नशे के खिलाफ एक सामाजिक मुहिम का रूप लेगा।

जग्गी प्रकरण से जुड़े सवाल पर अमित जोगी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे कानून के दायरे में रहकर अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नकटी सहित हसदेव, लैलूंगा, बचेली, केशदा-इकलामा (कवर्धा), पथर्रा-बेमेतरा और फास्टरपुर-मुंगेली जैसे क्षेत्रों के विस्थापित लोगों के मामलों की पैरवी वे स्वयं एक अधिवक्ता के रूप में निःशुल्क कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे,
इस अवसर पर डॉ. रेणु जोगी ने अपने जीवन के संस्मरण साझा करते हुए स्वर्गीय अजित जोगी के सादगीपूर्ण व्यक्तित्व का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विवाह के समय अजित जोगी ने दहेज लेने से स्पष्ट इनकार किया था और जीवनभर सिद्धांतों एवं सामाजिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अमित जोगी ने भी बिलासपुर से अपने परिवार के भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनके माता-पिता स्वर्गीय अजित जोगी और डॉ. रेणु जोगी का बचपन बिलासपुर में बीता तथा उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत भी बिलासपुर प्रेस क्लब के निकट कंपनी गार्डन से हुई थी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर उनके लिए किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है।
पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनसंपर्क अभियान और प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने पार्टी की भावी रणनीति, जनहित के मुद्दों और राजनीतिक दिशा पर विस्तार से अपनी बात रखी, कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने उपस्थित मीडियाकर्मियों का आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि ‘जेसीसीजे 2.0’ को बूथ स्तर से लेकर पूरे प्रदेश में एक जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा
