बिलासपुर के विकास के लिए अब चुप नहीं बैठेंगे..जरूरत पड़ी तो सड़क पर  लड़ेंगे हक की लड़ाई….हमर पहुना में उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रवीण झा..

One bharat national news

बिलासपुर के विकास के लिए अब चुप नहीं बैठेंगे..जरूरत पड़ी तो सड़क पर  लड़ेंगे हक की लड़ाई….हमर पहुना में उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रवीण झा

बिलासपुर– बिलासपुर प्रेस क्लब के परंपरागत एवं प्रतिष्ठित कार्यक्रम “हमर पहुना” में सोमवार को उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रवीण झा अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए अपने जीवन संघर्ष, उद्योग, समाजसेवा, धर्म, युवाओं और बिलासपुर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार कोषाध्यक्ष किशोर सिंह और सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी ने हमर पहुना के अतिथि प्रवीण झा का साल-श्री भेंट कर स्वागत किया और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

हमर पहुना” में उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रवीण झा ने संघर्ष से सफलता तक का सफर साझा किया, एयरपोर्ट, उद्योग और रोजगार को बताया विकास की प्राथमिकता

प्रवीण झा ने अपने संघर्ष को याद करते हुए बताया कि बिहार के छोटे से गांव में अभाव के बीच उनका बचपन बीता। पढ़ाई के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। वर्ष 1993 में छत्तीसगढ़ आने के बाद उन्होंने जिंदल स्टील्स में करीब एक हजार रुपये मासिक वेतन से नौकरी शुरू की। बिलासपुर आने पर साइकिल तक नहीं थी, लेकिन संघर्ष और मेहनत के दम पर उन्होंने उद्योग के क्षेत्र में कदम रखा और आज रोजगार सृजन को अपना प्रमुख उद्देश्य मानते हैं।

एयरपोर्ट को बताया विकास की पहली जरूरत:बिलासपुर के विकास पर उन्होंने कहा कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी शहर की सबसे बड़ी जरूरत है। एयरपोर्ट का विस्तार होने से उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत है विकास की रफ्तार बढ़ाने और अपने अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाने की।

बिलासपुर शांत है, कमजोर नहीं”:प्रवीण झा ने कहा कि बिलासपुर के लोग शांतिप्रिय हैं, लेकिन इसे कमजोरी नहीं समझना चाहिए। उन्होंने कहा, “अब वह दिन दूर नहीं जब हम अपने हक की लड़ाई के लिए सड़क पर आएंगे। सरकार कोई भी हो, बिलासपुर अपना हक लेकर रहेगा।”

उद्योग के साथ पर्यावरण और रोजगार भी जरूरी:उन्होंने कहा कि उद्योग केवल मुनाफे के लिए नहीं होना चाहिए। उद्योग संचालकों की जिम्मेदारी है कि स्थानीय लोगों को रोजगार मिले, उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा हो तथा गांव के लोगों का विश्वास कायम रहे।

युवाओं को व्यवसाय से जुड़ने का संदेश:युवाओं से उन्होंने कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनने के साथ उद्यमी बनने का सपना भी देखना चाहिए। कोई व्यवसाय छोटा या बड़ा नहीं होता, सफलता के लिए मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास जरूरी है।

समाजसेवा और रामलला दर्शन यात्रा जारी रहेगी

प्रवीण झा ने कहा कि समाज से मिले योगदान को समाज को लौटाना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने युवाओं को धर्म और संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया। साथ ही प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली रामलला दर्शन यात्रा को आगे भी जारी रखने की बात कही।

राजनीति पर बोले—जरूरत पड़ी तो पीछे नहीं हटेंगे:राजनीति में आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल राजनीति उनकी प्राथमिकता नहीं है, लेकिन यदि बिलासपुर के विकास के लिए भविष्य में राजनीतिक भूमिका जरूरी लगी तो वे इससे पीछे नहीं हटेंगे।

ऑपरेशन त्रिमित्र” पर भी दी जानकारी:शहर की सुरक्षा से जुड़े ऑपरेशन त्रिमित्र पर उन्होंने बताया कि योजना आगे बढ़ चुकी है और जल्द ही अगले चरण में टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। आधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पत्रकारों ने बिलासपुर के विकास, उद्योग, रोजगार, समाजसेवा, युवाओं और उनके व्यक्तिगत जीवन से जुड़े सवाल किए, जिनका प्रवीण झा ने बेबाकी से जवाब दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब परिवार ने उनका आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *