One bharat national news
बिलासपुर पुलिस एवं STF ने की बड़ी कार्रवाई: 19 वर्षों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहा संदिग्ध.. बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार..

बिलासपुर:विशेष टास्क फोर्स (STF) एवं बिलासपुर पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापामार कार्रवाई व जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
विगत 20 दिन पूर्व सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के उपरांत होल्डिंग सेंटर, रायपुर भेजा गया था। उस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति चकमा देकर फरार हो गया था, जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। निरीक्षक संजय शिंदे को सूचना प्राप्त हुई कि उक्त व्यक्ति सरकंडा क्षेत्र में नाम व पहचान छिपाकर रह रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसटीएफ एवं जिला पुलिस की टीम द्वारा उसके आने-जाने व संभावित ठिकानों पर सतर्कता से रेकी की गई।

आज दिनांक 24.09.2026 को तड़के सुबह 05:00 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा स्पेशल टास्क फोर्स की नोडल अधिकारी/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रशमीत कौर चावला के नेतृत्व में गठित टीम (निरीक्षक संजय शिंदे, जिला विशेष शाखा से उप-निरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक कमल साहू एवं आरक्षक अभिषेक यादव) ने सूर्या विहार कॉलोनी स्थित एक किराये के मकान में दबिश दी। टीम ने संदिग्ध को अपनी हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की।
नाम: अतीक हुसैन (पिता: स्व. मोहम्मद हुसैन)उम्र: 42 वर्ष मूल पता: ग्राम-नाईखोने, थाना-अरैहजार, जिला-नारायणगंज, राज्य-ढाका (बांग्लादेश), पिन कोड: 1450
पूछताछ में हुए अहम खुलासे:
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2005 में अवैध रूप से सीमा पार कर बांग्लादेश से भारत आया था। वर्ष 2005 से 2007 तक तमिलनाडु में रहने के बाद वर्ष 2007 में बिलासपुर आ गया। पिछले 19 वर्षों से वह एनटीपीसी (NTPC) सीपत में “BECO LIFTS PRIVATE LIMITED” के माध्यम से लिफ्ट मेंटेनेंस का कार्य कर रहा था। पूर्व में वह बंगाली पारा (गली नं.-3, सरकंडा) में भी निवासरत रह चुका है।
फर्जी दस्तावेज जब्त:
आरोपी के किराये के मकान की तलाशी लेने पर उसके पास से कूटरचित (फर्जी) तरीके से बनवाए गए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए, जिनमें शामिल हैं:

भारतीय पासपोर्ट आधार कार्ड (पैन कार्ड (मतदाता पहचान पत्र ड्राइविंग लाइसेंस निवास प्रमाण पत्र जाति प्रमाण पत्र
कक्षा 9वीं की अंकसूची
आरोपी ने स्वयं स्वीकार किया कि ये सभी भारतीय पहचान पत्र उसने गलत एवं फर्जी तरीके से बनवाए थे।
आगे की कानूनी कार्यवाही:
बिलासपुर पुलिस द्वारा आरोपी अतीक हुसैन के विरुद्ध बांग्लादेश डिपोर्तेशन (Deportation) की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। कार्यवाही पूरी होने तक आरोपी को होल्डिंग सेंटर, रायपुर भेजा जा रहा है। साथ ही, इस संबंध में कोलकाता एवं दिल्ली स्थित संबंधित बांग्लादेशी दूतावास को भी आधिकारिक सूचना भेजी जा रही है।