One bharat national news
देहदान महादान : बेटी के जनसेवा के सपने को माता-पिता ने मृत्यु के बाद भी किया साकार
नर्सिंग छात्रा स्व. कु. सिमरन दर्वे का पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज बिलासपुर को समर्पित, दर्वे परिवार की अनुकरणीय पहल की समाज ने की सराहना

बिलासपुर। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की एक बेहद प्रेरणादायी मिसाल बिलासपुर में देखने को मिली, जहां अपनी युवा बेटी को खोने के असहनीय दुख के बीच दर्वे परिवार ने ऐसा निर्णय लिया, जिसने समाज को मानवता और परोपकार का एक नया संदेश दिया।
सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता श्री उत्तम दर्वे की सुपुत्री एवं नर्सिंग छात्रा कु. सिमरन दर्वे (23 वर्ष) का दिनांक 18 नवंबर 2026, बुधवार को अल्प अस्वस्थता के बाद आकस्मिक निधन हो गया। तीन संतानों (एक पुत्री एवं दो पुत्रों) में सिमरन सबसे बड़ी थीं। पूर्व जिला महासचिव श्री साखन दर्वे जी के स्नेह और संस्कारों में पली-बढ़ी सिमरन ने नर्सिंग के क्षेत्र को चुनकर मानव सेवा का सपना संजोया था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और परिवार की लाडली बेटी असमय इस दुनिया से विदा हो गई। बेटी के निधन से पूरा परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ था, लेकिन इसी दुख की घड़ी में माता-पिता एवं परिजनों ने सिमरन के जनसेवा के सपने को मृत्यु के बाद भी जीवित रखने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।

परिवार ने बेटी के पार्थिव शरीर को मेडिकल कॉलेज बिलासपुर को देहदान करने का संकल्प लिया।दिनांक 19 नवंबर 2026 को स्थानीय मुक्तिधाम से मुक्तांजलि वाहन के माध्यम से स्व. कु. सिमरन दर्वे का पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज बिलासपुर पहुंचाया गया। यहां सिम्स के डीन डॉ. रामनेश मूर्ति ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दर्वे परिवार के इस साहसिक एवं अनुकरणीय निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि देहदान मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के चिकित्सा अध्ययन एवं प्रशिक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और उपयोगी साबित होगा। परिवार का यह त्याग चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक वरदान के समान है। इस दुखद अवसर पर सामाजिक, राजनीतिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक दर्वे परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इनमें प्रमुख रूप श्री रामेश्वर खरे जी (पूर्व विधायक सीपत) , श्री विजय केशरवानी जी (कांग्रेस से विधानसभा प्रत्याशी बेलतरा ), श्री राजेंद्र डब्बू साहू जी,श्री अंकित गौराहा जी , श्री धनंजय सिंह ठाकुर जी (अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेलतरा )सुनील सोनकर जी (पार्षद ) मोहन श्रीवास (पार्षद ), पत्रकारिता जगत से श्री अखिल वर्मा, श्री मनीष शर्मा, श्री सतीश यादव, श्री बंटी परिहार, श्री सैयद रमीज, जिला सूर्यवंशी समाज बिलासपुर के अध्यक्ष श्री नंदकिशोर डहरिया, जिला महासचिव श्री मनीष सेंगर, सीपत परिक्षेत्र अध्यक्ष श्री द्वारिका खरे, श्री विनोद कुर्रे, श्री विश्वनाथ डहरिया, श्री दिलहरण खरे, श्री तिरिथ राम लहरे, श्री श्यामदास सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
दर्वे परिवार का यह निर्णय समाज के लिए एक अनुकरणीय संदेश है। जिस बेटी ने जीवित रहते हुए नर्सिंग के माध्यम से लोगों की सेवा करने का सपना देखा था, उसके माता-पिता ने देहदान के माध्यम से उस सपने को अमर कर दिया। सिमरन अब भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका शरीर चिकित्सा शिक्षा और भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण के माध्यम से मानवता की सेवा करता रहेगा।
जिला सूर्यवंशी समाज बिलासपुर ने स्व. कु. सिमरन दर्वे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति की कामना की तथा दर्वे परिवार के इस महान, त्यागपूर्ण एवं अनुकरणीय निर्णय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।