जन्माष्टमी पर्व पर भारी मात्रा में गौ मांस के साथ दो गिरफ्तार, तखतपुर में बवाल…

One bharat National news

तखतपुर के वार्ड क्रमांक पांच में कुछ लोग गोमांस काटकर बेचने की फिराक में थे। इसकी सूचना पर हिंदू संगठन से जुड़े लोग वहां पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही तखतपुर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने दो लोगों को पकड़कर थाने ले आई और बड़ी मात्रा में गोमांस जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मांस को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।

तखतपुर थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि हिंदू संगठन के लोगों को शनिवार दोपहर सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 5 में कुछ लोग गौमांस काट रहे हैं। इस पर संगठन के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंची और संजय खेस व शाहुल मसीह को पकड़ लिया। मौके से बड़ी मात्रा में गोमांस बरामद किया गया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस दोनों को थाने ले आई। इधर, हिंदू संगठन से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि इनके अलावा कुछ और लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

आरोपित पहले भी जा चुका है जेल

संजय खेस पहले भी गोमांस बेचते हुए पकड़ा गया था। कुछ समय पहले उसे पुलिस ने संगम नगर में गोमांस बेचते हुए गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया था। उस समय तखतपुर में बड़े पैमाने पर आंदोलन भी हुआ था। अब दूसरी बार पकड़े जाने पर नगर में आक्रोश है।

जन्माष्टमी पर गोमांस बिक्री से भड़के लोग

शनिवार को पूरे देश में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा था। तखतपुर में भी हांडी फोड़ और धार्मिक आयोजनों की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच गोमांस बिक्री की खबर से लोग गुस्से में आ गए और बड़ी संख्या में आरोपित के घर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को शांत कराया और आरोपितों को थाने लाकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *