चक्रधर समारोह 2025:छत्तीसगढ़ की बेटी और छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोकगायिका आरू साहू की सुरमयी प्रस्तुति से सजाया मंच, भक्ति मई से सराबोर हुआ रायगढ़, देर रात तक झूमते लोग …

One bharat national news

रायगढ़, 29 अगस्त 2025// अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के तीसरे दिन छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोकगायिका आरू साहू ने अपनी मधुर आवाज़ और मनमोहक प्रस्तुतियों से ऐसा संगीतमय वातावरण बनाया कि दर्शक झूम उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश की वंदना से हुआ। इसके बाद आरू साहू ने “हे मईया झुप-झूप महु ला नचाई दे, मेरे राम आयेंगे, सुवा, गौरी-गौरा, राउत नाचा” मटकी म बासी और चुटकी म नून और बस्तरिया जैसे पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए, जिनसे पूरा वातावरण लोक-सुगंध से भर उठा। वहीं “हरे रामा, हरे कृष्णा, जो भी दिल से पुकारे दिल से तुझको, उसकी विपदा पल में कटी” सेवा में बाग लगाए हो मां जैसे भक्ति गीतों ने समारोह को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया। दर्शकों ने जय-जौहार और तालियों की गूंज से आरू साहू का स्वागत किया। उनके साथी कलाकारों ने भी “बजरंग बली गली-गली में नाम हे” और अन्य भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में स्थानीय बाल कलाकारों ने अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। इसी कड़ी में रायगढ़ की प्रतिभावान कलाकार कुमारी नव्या सिंह ने मंच पर कथक की विविध विधाओं की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। बाल कलाकार सुश्री कृष्णवी सिंह और अविका मोटवानी ने अपनी मनमोहक कत्थक नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भवप्रीता डांस एकेडमी रायगढ़ ने अपनी गरिमामयी और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दक्षिण भारत की शास्त्रीय परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हुए बेंगलुरु की गुरु श्रीमती बाला विश्वनाथ ने भरतनाट्यम की गरिमामयी प्रस्तुति दी। वहीं जबलपुर (मध्यप्रदेश) से पहुंचे संस्कार भारती महाकौशल प्रांत की टीम ने अपनी ऐतिहासिक नृत्य नाटिका से दर्शकों के हृदय को गहराई तक छू लिया। छत्तीसगढ़ के रजत जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग, पर्यटन मंडल एवं जनसहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित चक्रधर समारोह के तीसरे दिन कला, संस्कृति और परम्परा का जीवंत संगम देखने को मिला।

बता दे कि धमतरी जिले की बेटी आरू साहू ने अपने जीवन की शुरुआत से ही संगीत के प्रति गहरी रुचि दिखाई। आरू ने मात्र 11 वर्ष की उम्र में ईटीवी भारत जैसे मंच पर प्रस्तुति देकर सबका ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद उनकी आवाज़ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गूंजने लगी। वर्ष 2022 में आयोजित “बर्न टू शाइन” प्रतियोगिता में वे शीर्ष 30 में स्थान प्राप्त कर विजेता बनीं। अब तक वे 45 से अधिक पुरस्कार अपने नाम कर चुकी हैं। हाल ही में 2 जुलाई 2025 को रिलीज़ हुए उनके भजन “सेवा में बाग लगाए मईया” को अपार लोकप्रियता मिली है। साथ ही, उन्होंने टीईडीएक्स जैसे प्रतिष्ठित मंच पर भी अपनी संगीत यात्रा और संस्कृति के प्रति समर्पण को साझा कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। आरू साहू ने अपनी प्रस्तुतियों से चक्रधर समारोह के मंच को भक्ति और संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *