संवाददाता रमेश यादव की रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ में आज से राज्यभर में धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे किसानों की मेहनत और सरकार पर उनके अटूट विश्वास का उत्सव बताते हुए कहा कि इस बार की खरीदी पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक आधारभूत संरचना पूरी तरह सुनिश्चित की गई है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा न आए और किसानों को सुविधा के साथ उनका धान स्वीकार किया जाए।
इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक तकनीक-सक्षम बनाया गया है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि तुंहर टोकन एप, जीपीएस आधारित परिवहन व्यवस्था, सतर्क एप और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर जैसी आधुनिक प्रणालियों को लागू किया गया है। उनका कहना है कि हर कदम पर प्राथमिकता किसानों को सम्मानजनक खरीदी और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने किसानों का अटूट विश्वास छत्तीसगढ़ की प्रगति की असली ताकत बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के परिश्रम को सम्मान देने के लिए आज की धान खरीदी एक महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह कदम राज्य की समृद्धि के सफर को नई उम्मीद और विश्वास के साथ आगे बढ़ाएगा।
सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि इस बार धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और तकनीकी सहायता के जरिए किसानों को हर संभव सुविधा मिले। किसानों ने भी इस पहल की सराहना की और भरोसा जताया कि उनकी मेहनत का सही सम्मान किया जाएगा।