संवाददाता रमेश यादव की रिपोर्ट
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर को मिला नया सशक्त नेतृत्व
रजनीश सिंह ने संभाला अध्यक्ष पद,रजनी साहू बनीं उपाध्यक्ष

बिलासपुर :- जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर में ऐतिहासिक और भव्य समारोह के साथ नए नेतृत्व का विधिवत कार्यभार ग्रहण संपन्न हुआ। बेलतरा के पूर्व विधायक रजनीश सिंह ने बैंक के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला,वहीं रजनी साहू ने उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी ग्रहण की। इस अवसर पर बैंक परिसर पूरी तरह उत्सव के माहौल में नजर आया,जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,बैंक अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यभार ग्रहण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।उनके साथ बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला,नगर निगम महापौर पूजा विधानी,जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी,भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर,डॉ.देवेंद्र कौशिक सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे। सभी अतिथियों ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए बैंक के विकास के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में रजनीश सिंह ने कहा कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक किसानों,ग्रामीण क्षेत्रों और सहकारी समितियों की आर्थिक रीढ़ है। बैंक का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर,सरल प्रक्रिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि बैंक की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी,तकनीकी रूप से सशक्त और जनहितैषी बनाया जाएगा,ताकि किसानों,स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार ग्रामीण अंचलों तक किया जाएगा, जिससे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक वित्तीय सेवाएं पहुंच सकें। किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण, ऋण वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण भारत की आर्थिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने में सहकारी बैंकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा और किसानों व ग्रामीण जनता का भरोसा और मजबूत होगा।

अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रजनीश सिंह का प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव बैंक को नई दिशा देगा,वहीं रजनी साहू के उपाध्यक्ष बनने से बैंक के संचालन में और अधिक मजबूती आएगी। सभी ने मिलकर बैंक को क्षेत्र के विकास का सशक्त माध्यम बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में संभाग भर से बड़ी संख्या में बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।