One bharat national news

बिलासपुर से पुलिस प्रशासन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने जिले के सरकंडा और कोनी थाना सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने थानों की साफ-सफाई, पुलिस अधिकारियों के अनुशासन और वेशभूषा का जायजा लिया। साथ ही थाना भवन का भ्रमण करते हुए रिकॉर्ड्स और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की। आईजी ने थाने पहुंचे पीड़ितों से स्वयं बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और थाना प्रभारियों को त्वरित एवं वैधानिक निराकरण के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक ने थानों में फरियादियों के लिए स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त पेयजल व्यवस्था और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। महिलाओं और बच्चों से विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश भी स्पष्ट रूप से दिए गए।

इसके साथ ही ‘अनुभव’ अभियान के तहत फरियादियों के फीडबैक के लिए क्यूआर कोड लगाने और ‘सशक्त’ ऐप में चोरी गए एवं लावारिस वाहनों की एंट्री शीघ्र करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक को इन कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए आईजी ने इसकी रिपोर्ट भी तलब की है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्यालय की प्रगति की भी जानकारी ली गई।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को समझना, पुलिस अधिकारियों की समस्याएं जानना और फरियादियों के प्रति पुलिस को और अधिक संवेदनशील बनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।