One bharat national news
बिलासपुर पुलिस का चैन स्नेचिंग पर बड़ी कार्यवाही: 2 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार..

बिलासपुर/बिलासपुर शहर में सक्रिय चैन स्नेचिंग गैंग पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं और आखिरकार आरोपियों तक पहुंच बनाई। लूट की पूरी संपत्ति, वाहन और नगदी बरामद कर ली गई है। 23 मार्च की रात वैष्णवी विहार निवासी शोभना भांडेकर अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। रामा पोर्ट के पास स्कूटी पंचर होने के बाद दोनों धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पल्लव भवन के पास रॉन्ग साइड से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर गले से करीब 1.10 लाख की सोने की चैन और लॉकेट लूट लिया और साथी के साथ फरार हो गया।
300 CCTV से खुला पूरा नेटवर्क
घटना के बाद पुलिस ने शहरभर के 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसीसीयू और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम ने संदिग्धों की पहचान कर साइबर सेल की मदद से उनकी लोकेशन ट्रैक की।
देवरीखुर्द–तारबाहर में घेराबंदी, कर दोनों को पकड़ा
पुख्ता इनपुट मिलने पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शेख सलमान (27) और आकाश उर्फ आशु नायक (23) ने पूछताछ में पूरी साजिश कबूल कर ली।

पहले से था टारगेट, ऑटो से पीछा, फिर वार

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पीड़िता को पहले ही टारगेट कर लिया था। स्कूटी पंचर होने के बाद ऑटो से पीछा करते रहे और सही मौके का इंतजार किया। जैसे ही मौका मिला, रॉन्ग साइड से आकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। लूट के बाद आरोपियों ने सोने की चैन और लॉकेट को आईआईएफ गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 80 हजार रुपए का लोन ले लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए न सिर्फ चैन बरामद की, बल्कि नगदी 5000 रुपए, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और ऑटो को भी जब्त किया गया है। पूरी कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, थाना प्रभारी एस.आर. साहू, एसीसीयू प्रभारी तोप सिंह नवरंग सहित टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका पर एसएसपी ने सराहना करते हुए पुरस्कार की घोषणा की।