One bharat national news

बिलासपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर बिलासपुर पुलिस द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जयंती वर्ष के अवसर पर एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, तकनीकी संसाधनों और अपराध नियंत्रण के तरीकों से अवगत कराया गया। बल्कि उन्हें जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हुए “ब्रांड एंबेसडर” की भूमिका भी सौंपी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को शहर के प्रमुख स्थल शहीद विनोद चौबे चौक पर यातायात प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से ट्रैफिक नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

साथ ही ब्रीथ एनालाइजर, स्पीड राडार गन, व्हील लॉक, इंटरसेप्टर, सीसीटीवी कैमरा, POS मशीन जैसे अत्याधुनिक उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया, जिससे बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति गहरी समझ विकसित हुई।
इसके बाद छात्रों को “इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर” के तहत संचालित आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम) का लाइव डेमो दिखाया गया। बच्चों ने स्वयं सिस्टम को ऑपरेट कर ट्रैफिक मैनेजमेंट की प्रक्रिया को करीब से समझा और अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से यातायात व्यवस्था सुधारने में भागीदारी भी निभाई। इस दौरान हाई स्पीड डिटेक्शन, नंबर प्लेट व फेस रिकग्निशन जैसी उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अगले चरण में साइबर थाना भ्रमण के दौरान छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, फेक आईडी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, डायल 1930, CEIR पोर्टल आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें साइबर अपराध से बचाव और ठगी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के उपाय भी समझाए गए।
तारबहार थाना में बच्चों को पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली जैसे FIR, मर्ग, CCTNS एंट्री, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, मालखाना, रोजनामचा लेखन, शिकायत निराकरण आदि प्रक्रियाओं का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। इस दौरान छात्रों ने एसएसपी से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों में कानून के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम की भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना है। साथ ही उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने वाला सशक्त माध्यम बनाना भी इस कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य रहा।
इस अवसर पर एएसपी मधुलिका सिंह, राम गोपाल करियारे, पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।