रिहाईशी अपार्टमेंट्स में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर बिलासपुर पुलिस का प्रहार..

One bharat national news

रिहाईशी अपार्टमेंट्स में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर बिलासपुर पुलिस का प्रहार

बिलासपुर | दिनांक: 27.04.2026 पुलिस ने शहर के रिहाइशी अपार्टमेंट्स को निशाना बनाने वाले एक कुख्यात अंतर्राज्यीय गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के तहत मेरठ के शातिर अपराधी ताज मोहम्मद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य का गला हुआ सोना बरामद किया गया है।

दिनांक 28.09.2025 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत अपार्टमेंट और रियल हैवन अपार्टमेंट में अज्ञात चोरों ने सूने फ्लैटों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान पार कर दिया था। रियल हैवन अपार्टमेंट में चोरी के प्रयास के दौरान पड़ोसियों के जाग जाने पर आरोपी मौके पर ही औजार छोड़कर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

एसएसपी बिलासपुर के निर्देश पर ए.सी.सी.यू. और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आधुनिक वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग करते हुए:

शहर के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड के जरिए महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

संदिग्धों के फोटो अन्य राज्यों की पुलिस के साथ साझा किए गए, जिससे आरोपियों की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी ताज मोहम्मद और वसीम मोहम्मद के रूप में हुई।

आरोपियों की पहचान होने के बाद बिलासपुर पुलिस की टीम ने दिल्ली और मेरठ में डेरा डाला। गिरोह का दूसरा सदस्य वसीम मोहम्मद पूर्व में ही दिल्ली पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका था। मुख्य आरोपी ताज मोहम्मद पुलिस से बचने के लिए मोबाइल बंद कर लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने 20 दिनों तक कैंप कर तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग ट्रांजेक्शन के आधार पर जाल बिछाया और 24 अप्रैल 2026 को उसे मेरठ से दबोच लिया।



पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वसीम के साथ बाइक से दिल्ली से बिलासपुर चोरी करने आया था। पकड़े गए आरोपी ताज मोहम्मद के विरुद्ध गाजियाबाद, दिल्ली, जयपुर, लुधियाना और मेरठ जैसे शहरों में 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर:

35.34 ग्राम गला हुआ सोना (कीमत लगभग 4,99,000 रुपये)

सोना गलाने के लिए प्रयुक्त चिमनी बरामद की है।


टीम को मिला विशेष प्रोत्साहन

इस सफल ऑपरेशन में नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन)  निमितेश सिंह, निरीक्षक एस.आर. साहू, निरीक्षक गोपाल सतपथी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी बिलासपुर ने पूरी टीम की कार्यक्षमता की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *