One bharat national news
बिलासपुर में किसान कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, खाद-बीज, बिजली और अन्य समस्या को लेकर

बिलासपुर। बिलासपुर में आज किसानों कांग्रेस ने खाद, बीज, यूरिया और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के विरोध में ज़िला कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस के नेता कार्यकर्ताओं और किसानों ने भाग लिया तथा किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग जोर शोर से उठाया।
कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस घेराव में ज़िले के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, ज़िला अध्यक्ष, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसद, पूर्व महापौर, पार्षदों के साथ-साथ महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और यूरिया उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। वहीं बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण किसानों को सिंचाई कार्य में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों के लिए खाद, बीज और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
इस मौके पर पूर्व विधायक शैलेश पाण्डेय ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद और यूरिया नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। साथ ही बिजली व्यवस्था भी किसानों की जरूरतों के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी संघर्ष जारी रखेगी और जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। बिलासपुर की राजनीति गरमा गई है। अब निगाहें प्रशासन और राज्य सरकार पर हैं कि किसानों की शिकायतों के निराकरण के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं ।