मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने ग्राम पंचायत केंवतरा में 10 लाख रुपए की सीसी रोड निर्माण का किया भूमि पूजन..

One bharat national news

मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने ग्राम पंचायत केंवतरा में 10 लाख रुपए की सीसी रोड निर्माण का किया भूमि पूजन

मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत केंवतरा में विकास कार्यों को नई गति देते हुए क्षेत्रीय विधायक दिलीप लहरिया ने सोमवार को 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के पूर्ण होने से गांव के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और ग्रामीणों को विकास कार्यों की सौगात दी।ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सीसी रोड निर्माण की मांग की जा रही थी। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से बारिश के मौसम में मार्ग कीचड़युक्त हो जाता था, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों और आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सीसी रोड बनने के बाद गांव की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।इस अवसर पर विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ही क्षेत्र के समग्र विकास का आधार है।ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार हो। केवतरा में बनने वाली यह सीसी रोड ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे आज पूरा किया जा रहा है। सड़क निर्माण से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी। आने वाले समय में भी क्षेत्र में जनहित के विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा जनता की जरूरतों के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।”
उन्होंने कहा कि मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी है और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से गांव के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के विकास कार्यों से गांव का सर्वांगीण विकास होगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोलाराम साहू, सरपंच चंद्रप्रकाश कुर्रे, कांग्रेस नेता शशि पाटले, विजय नामदेव सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *