नगर पालिका परिषद बोदरी चकरभाठा द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों पर नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई..

One bharat national news

नगर पालिका परिषद बोदरी (चकरभाठा): प्रतिबंधित प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों पर गिरी गाज, नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई


बोदरी/चकरभाठा:शासन के सख्त आदेशों के परिपालन में आज नगर पालिका परिषद बोदरी (चकरभाठा) के अंतर्गत प्रतिबंधित पॉलीथिन, प्लास्टिक डिस्पोजल और गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) श्री प्रदीप मिश्रा के सख्त निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से नियम विरुद्ध व्यवसाय करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
चेतावनी का नहीं हुआ असर, तो हुई जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई


नगर पालिका प्रशासन द्वारा इससे पूर्व भी क्षेत्र के व्यवसायियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने और साफ-सफाई रखने की कड़ी चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कई दुकानदारों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं देखा गया। इसी के चलते आज पुनः विशेष अभियान चलाकर प्रतिबंधित पॉलीथिन और डिस्पोजल सामग्री को जब्त किया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से ₹500 का स्पॉट फाइन (जुर्माना) भी वसूला गया। इसके अतिरिक्त, जो दुकानदार दुकान के बाहर सड़क पर कचरा फेंककर गंदगी फैला रहे थे, उन पर भी जुर्माना लगाते हुए सख्त हिदायत दी गई।
अगली बार सीधे ₹5000 तक का जुर्माना और कड़ी कानूनी कार्रवाई


मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप मिश्रा ने व्यापारियों और आम जनता को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा:
“क्षेत्र को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाना हमारी प्राथमिकता है। यदि अगली बार किसी भी दुकान में प्रतिबंधित झिल्ली, प्लास्टिक डिस्पोजल पाया जाता है या दुकान के बाहर गंदगी फैलाते हुए कोई पकड़ा जाता है, तो सामान की पूर्ण जब्ती के साथ न्यूनतम ₹1000 से लेकर अधिकतम ₹5000 तक का भारी जुर्माना वसूला जाएगा। इसके बाद भी उल्लंघन जारी रहने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


कार्रवाई में शामिल रही संयुक्त टीम
इस महत्वपूर्ण अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। कार्रवाई के दौरान प्रभारी सुरेश देवांगन, श्रुति भटाचार्य, हेमू विश्वकर्मा, विनोद गेंदले, रघुनाथ ध्रुव सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। नगर पालिका ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *