मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर में फहराया तिरंगा..

One bharat national news

बिलासपुर पुलिस परेड ग्राउंड में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमा, गौरव और देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान के साथ सलामी दी गई, वहीं मुख्यमंत्री ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर और तिरंगे गुब्बारे छोड़कर उत्सव का संदेश दिया। साथ ही ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों और देशभक्ति की धुनों से गुंजायमान रहा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्षों के सफल कार्यकाल की उपलब्धियों को पेश किया और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने हाल ही में राज्य स्थापना की रजत जयंती मनाई है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा गठित इस राज्य ने 25 वर्षों में विकास की सशक्त यात्रा तय की है। उन्होंने बताया कि संविधान के मंदिर- छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के करकमलों से संपन्न हुआ। धान की बालियों की डिजाइन और बस्तर-सरगुजा की लोककला से सुसज्जित यह भवन छत्तीसगढ़ी अस्मिता का प्रतीक है।उन्होंने विशेष रूप से ‘महतारी वंदन योजना’ के सफल क्रियान्वयन, किसानों को धान का बकाया बोनस वितरण और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को दिए गए पक्के मकानों को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माओवादी हिंसा लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती रही है, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने निर्णायक रणनीति अपनाई है




बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह से ही देशभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुबह ठीक निर्धारित समय पर तिरंगा फहराया, जिसके बाद राष्ट्रगान और हर्ष फायर के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। समारोह में पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी सहित विभिन्न विभागों की 13 टुकड़ियों ने अनुशासित और भव्य मार्च पास्ट किया। परेड के निरीक्षण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति हुई, जिसमें स्कूली बच्चों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और राष्ट्रप्रेम की झलक दिखाई। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, धर्मलाल कौशिक और पुलिस के आला अधिकारियों समेत भारी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहे कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, शासकीय योजनाओं को धरातल पर उतारने वाले उत्कृष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *