एसईसीएल में बाबा साहेब की जयंती पर भव्य कार्यक्रम…

One bharat national news

बिलासपुर, 14 अप्रैल 2026। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, महिलाओं एवं बच्चों की उपस्थिति रही।



इस अवसर पर अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री एन. फ्रेंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, निदेशक (वित्त) श्री डी. सुनील कुमार तथा निदेशक (योजना/परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के पुनर्निर्मित स्थल के लोकार्पण से हुई। इसके पश्चात गौतम बुद्ध एवं बाबा साहेब के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया तथा सभी अतिथियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य अतिथि श्री हरीश दुहन ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण और समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि एसईसीएल संस्था बाबा साहेब के विचारों के अनुरूप महिला सशक्तिकरण, वंचित वर्गों के उत्थान, मेधावी छात्रों के लिए नीट परीक्षा की तैयारी में सहयोग, स्मार्ट क्लासेस एवं ‘प्रोजेक्ट धरा शक्ति’ जैसे प्रयासों के माध्यम से सामाजिक विकास में योगदान दे रही है।  कार्यक्रम में श्रमसंघ प्रतिनिधि कृष्णा सूर्यवंशी, सुदेश डागोर, एम.पी. जांगड़े, डी.पी. दिनकर (मासंवि), संजय साहू, अजय सिंह, राहुल दास एवं सूरज बघेल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला तथा आयोजन के लिए प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान बाबा साहेब की स्थापित प्रतिमा पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ पदाधिकारियों, एससी/एसटी एसोसिएशन, सिस्टा के पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा क्रमशः माल्यार्पण किया गया।
कार्यक्रम में दिशा खोब्रागड़े, निशा ठावरे एवं उनकी टीम द्वारा बुद्ध वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने वातावरण को श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन  में सभी उपस्थितजनों ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *