One bharat national news

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद देश की सियासत में बड़ा संदेश गया है। खासकर बंगाल में जीत को पार्टी की सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धियों में गिना जा रहा है। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे माहौल में पीएम मोदी ने देश को संबोधित किया।

ऐतिहासिक दिन, कार्यकर्ताओं की साधना का परिणाम
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के साथ की और कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह दिन सिर्फ चुनावी जीत का नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि “जब साधना सिद्धि में बदलती है, तो जो खुशी होती है, वही आज हर कार्यकर्ता के चेहरे पर दिखाई दे रही है।”
93% मतदान बना रिकॉर्ड, महिलाओं की बढ़ी भागीदारी
मोदी ने पश्चिम बंगाल में 93% मतदान को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी रिकॉर्ड मतदान का उल्लेख किया। खास तौर पर महिलाओं की बड़ी भागीदारी को उन्होंने लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बताया।
“गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल”
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण का सबसे चर्चित बयान देते हुए कहा कि “आज गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है।” उन्होंने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में एनडीए सरकार बनने को मां गंगा का आशीर्वाद बताया।

बदला नहीं, बदलाव” की राजनीति का दिया संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के अंत में बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब डर नहीं, बल्कि लोकतंत्र जीता है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि अब “बदला नहीं, बदलाव” की राजनीति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीते दशक में राजनीतिक हिंसा ने कई जिंदगियां बर्बाद की हैं, इसलिए अब समय आ गया है कि इस चक्र को खत्म किया जाए। मोदी ने कहा, “भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे यह न देखें कि किसने किसे वोट दिया, बल्कि सभी मिलकर बंगाल के विकास के लिए काम करें।